राठ। छात्राओं से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में भाजपा महिला मोर्चा ने जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर व कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ आंबेडकर चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी का पुतला फूंका गया।
विधायक मनीषा अनुरागी ने कहा कि महिला अधिकारों की दुहाई देने वाली कांग्रेस अपने ही सांसद की करतूत पर चुप्पी साधे हैं। बेटी हूं लड़ सकती हूं कहने वालीं प्रियंका गांधी व महिला अधिकारों की कोरी बातें करने वाले राहुल गांधी मामले में क्यों नहीं बोल रहे। इस दाैरान भाजपाइयों ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का सांकेतिक पुतला जलाया। वहीं सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम को पद से हटाने की मांग की। यहां पर जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, पूर्व विधायक डॉ. अंबेश कुमारी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ आराधना राजपूत, महेंद्र शुक्ला, महेंद्र शर्मा, अमरजीत सिंह अरोरा, खुल्ले साहू आदि रहे।