पुलिस के लिए वसूली करने वाले को आईजी ने पकड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईजी मोहित अग्रवाल सोमवार की सुबह 11 बजे मोहद्दीपुर में जाम से निपटने की व्यवस्था देखने पहुंचे थे। जाते समय सड़क के दाईं पटरी पर खड़ा एक युवक मालवाहक टेंपो से रुपये वसूल रहा था। अधिकारियों के चौराहे पर होने के बाद भी वह बेखौफ होकर वसूली में लगा था। आईजी की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने पीआरओ और गनर को भेज वसूली कर रहे युवक को पकड़वाया।
पूछताछ में उसने अपना नाम विक्की बताया। गुलरिहा के बांसस्थान का विक्की मोहद्दीपुर में परिवार के साथ रहता है। शाम को चौराहे पर चाट की दुकान लगाता है। आईजी को उसने बताया कि वाहनों से वसूली पंडित नाम का युवक करता है। आज वह नहीं था तो सिपाहियों ने उसे इस काम में लगाया था। आईजी ने मामले की जानकारी एसएसपी को देने के साथ ही जांच कराके वसूली कराने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसएसपी रामलाल वर्मा ने मामले की जांच सीओ कैंट अभय मिश्रा को दी है। थाने पहुंचकर उन्होंने आरोपी से पूछताछ की।
चौराहे पर प्राइवेट आदमी से कराते है वसूली
एसएसपी की चेतावनी के बाद भी पुलिसकर्मियों की आदत में सुधार नहीं हुआ है। पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी मिलने पर वे अब प्राइवेट आदमियों से वसूली कराने लगे हैं। मोहद्दीपुर के अलावा अन्य पुलिस चौकियों पर भी ऐसा नजारा देखा जा सकता है।
गाड़ियों से वसूली करते मिले युवक को कैंट पुलिस के हवाले कर दिया है। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्देश एसएसपी को दिया है। सीओ कैंट मामले की छानबीन कर रहे हैं।
- मोहित अग्रवाल, आईजी