{"_id":"67-97259","slug":"Gorakhpur-97259-67","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘जाम से छुटकारे के लिए रिंग रोड बेहतर विकल्प’ ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
‘जाम से छुटकारे के लिए रिंग रोड बेहतर विकल्प’
Gorakhpur
Updated Mon, 20 Oct 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
गोरखपुर। गोरखपुर क्लब में सिटी डेवलपमेंट प्लान - 2014 को लेकर रविवार को बैठक हुई। जिसमें नगर निगम और सीआईडीसी (कंस्ट्रक्शन इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट काउंसिल) से जुड़े लोगों ने विचार रखे। वहीं नगर आयुक्त ने कहा कि कोई भी व्यक्ति 30 अक्टूबर तक अपने सुझाव दे सकता है। मेयर डॉ. सत्या पांडेय ने कहा कि नगर निगम और सीआईडीसी शहर के विकास के लिए सिटी डेवलपमेंट प्लान - 2014 तैयार कर रही है। सीआईडीसी के निदेशक निरंजन स्वरूप ने बताया कि इसके अंतर्गत 2050 को ध्यान में रखते हुए शहर के विकास के लिए तकरीबन 6500 करोड़ रुपये की रूपरेखा तैयार की गई है। वहीं शहर के लोगों से भी इस संबंध में सुझाव मांगे गए हैं। पूर्व मेयर डॉ. अंजू चौधरी ने कहा कि प्लान में साबरमती नदी की तरह राप्ती नदी के समग्र विकास को शामिल किया जाना चाहिए। इससे न सिर्फ शहर का बेहतर विकास होगा बल्कि पर्यटन के दृष्टिकोण से यह काफी फायदेमंद साबित होगा। कहा कि शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए रिंग रोड बेहतर विकल्प है। वहीं एसपी ट्रैफिक रमाकांत प्रसाद ने कहा कि शहर में पार्किंग के नाम पर व्यवस्था शून्य है। यह बेहतर यातायात के लिए सबसे बड़ी समस्या है। मल्टी स्टोरी पार्किंग व्यवस्था करके इस समस्या को दूर किया जा सकता है। वहीं सिंचाई विभाग के इंजीनियर एसएस पांडेय ने नालियों के बेहतर तरीके से निर्माण की मांग की। पार्षद संजय सिंह, चंद्रभान प्रजापति ने भी सुझाव दिए। वहीं नगर आयुक्त राजेश कुमार त्यागी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति 30 अक्टूबर तक अपने सुझाव दे सकता है। उन्होंने कहा कि इसमें मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी भी अपने सुझाव देंगे। कार्यक्रम में सीआईडीसी के उपनिदेशक पीके मिश्रा, समाजसेवी पीके लाहिड़ी, आर्किटेक्ट आरसी श्रीवास्तव, उप नगर आयुक्त अरविंद राय समेत अन्य मौजूद थे।
विज्ञापन