बस्ती। कर्मचारियों को वर्तमान समय सजग रहने की जरूरत है, क्योंकि प्रदेश सरकार निरंतर कर्मचारियों के हितों पर कुठाराघात कर रही है। ऐसे में जरूरत है कि कर्मी एकजुट होकर संघर्ष करें तभी उनका अधिकार मिलेगा। यह कहना है राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश रावत का। बुधवार को द्विजेश मार्ग स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित जिला स्तरीय राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अधिवेशन में कर्मचारियों की एकता पर बल दिया गया। इस अवसर पर महामंत्री अतुल मिश्र ने कहा कि सरकार पचास वर्ष पर दक्षता का बहाना बनाकर कर्मियों के जबरन सेवानिवृत्ति का कुचक्र रचा जा रहा है। भर्तियां भी बंद हैं। ऐसे में परिषद जल्द ही प्रदेश व्यापी आंदोलन छेड़ेगा। उपाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि कुछ कर्मचारी संगठन धोखेबाजी में भी लिप्त हैं। ऐसे में कर्मियों को न सिर्फ एकजुट होना होगा बल्कि इस पर भी नजर रखनी होगी। कार्यक्रम को सीएमओ डा. जेएलएम कुशवाहा ने संबोधित करते हुए हर सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर तिलकराम दूबे, राम स्वारथ चौधरी, उमेश कुमार, जीत बहादुर सिंह, संजय पांडेय, मनोज बरनवाल, बीपी सिंह, महबूब आलम, संदीप श्रीवास्तव, अखिलेश चतुर्वेदी आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. जमाल अहमद व संचालन डॉ. पीके पांडेय ने किया। अधिवेशन के दूसरे सत्र में चुनाव अधिकारी तिलकराम दूबे व मनोज राय ने निर्वाचन कराया। इसमें सर्व सम्मति से डॉ. जमाल अहमद को जिला अध्यक्ष, शमीम अहमद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हरेख त्रिपाठी को मंत्री तथा एसएन शुक्ल को संप्रेक्षक चुन लिया गया।