{"_id":"0687890a17de026e2f97fe58232a8c70","slug":"nine-injured-in-assault-for-water-withdrawal-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"जल निकासी के विवाद में चलीं लाठियां, नौ घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जल निकासी के विवाद में चलीं लाठियां, नौ घायल
गोंडा/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 17 Jun 2015 12:10 AM IST
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के बदलेपुरवा में मंगलवार को जलनिकासी को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें नौ लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे सीएचसी से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव के मजरा बदलेपुरवा में मंगलवार को दोपहर में बरसात के बाद मार्ग पर जलभराव हो गया। नाली में पानी के निकास को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। गांव के उमाकांत की ओर से एक दर्जन लोगों के विरुद्ध दी गई तहरीर में कहा गया है कि उसकी कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। उन लोगों ने पहले पानी का निकास रोक दिया और जब मना किया गया तो करीब एक दर्जन लोग लाठी, डंडा, कुदाल, हंसिया, व भाला लेकर उसके घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। इसमें उसके पिता अवधराम, रोहित, विद्या देवी, केशवराम, सीमा, विशाल व उमाकांत को गंभीर चोटें आईं। इसमें से अवधराम की हालत गंभीर देख सीएचसी से गोंडा जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया है। उधर, दूसरे पक्ष की तरफ से अंतिन कुमार ने तहरीर दी है, जिसमें मारपीट में तीन लोगों के घायल होने व आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध तहरीर दी गई है। कोतवाल बृज किशोर यादव ने बताया कि कि नाली के विवाद में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन