परसपुर(गोंडा)। मुख्य चिकित्साधिकारी ने टीम के साथ बाढ़ ग्रस्त इलाका चंदापुर किटौली, सियाराम पुरवा का भ्रमण कर जायजा लिया। बाढ़ राहत कैंप में फार्मासिस्ट व वार्ड ब्वाय के नदारद रहने पर उनका वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सीएमओ डॉ. राधेश्याम केशरी, एडिशनल सीएमओ डॉ. जय गोबिंद व सीएचसी अधीक्षक परसपुर डॉ. एमपी यादव ने रविवार को चंदापुर किटौली, सियाराम पुरवा पहुंच बाढ़ राहत कैंप का जायजा लिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एमपी यादव ने बताया कि सीएमओ के निरीक्षण में कैम्प पर फार्मासिस्ट विजय व वार्ड ब्वाय धर्मेंद्र नदारद मिले।
सीएमओ ने दोनों कर्मियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। इलाके के लोगों को संक्रामक बीमारियों से निपटने के लिए क्लोरीन टेबलेट, बुखार, डायरिया से संबंधित दवाओं का वितरण करने के साथ ही ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं। संवाद