वजीरगंज (गोंडा)। गोंडा-अयोध्या हाईवे पर वजीरगंज के समीप स्थित भगोहर सद्गुरुदेव कोल्ड स्टोर के पास रविवार की सुबह 10 बजे एक प्राइवेट बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से चार महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गये। जिनमें से पांच लोगों को स्थानीय सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस गोंडा की ओर जा रही थी। तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस रोड से दाहिने तरफ नीचे चली गई। चालक द्वारा ब्रेक लगाने के चलते आगे बैठे अब्दुल मजीद (30) पुत्र इनामउल्ला निवासी भुलई का पुरवा थाना रौनाही जनपद अयोध्या, राम गरीब मौर्य (50) पुत्र बरसाती, ननकुना (40) पत्नी राम गरीब निवासीगण रूपीपुर थाना वजीरगंज गोंडा, गंगा देवी (45) पत्नी जमुना चौहान निवासिनी नटउव्वा विक्रमजोत जनपद बस्ती, विद्यावती (65) पत्नी विंदेश्वरी प्रसाद निवासिनी महादेवा थाना वजीरगंज जनपद गोंडा, शीला देवी (40) पत्नी सत्तन निवासिनी रामगंज नयेपुर थाना छावनी जनपद बस्ती घायल हो गये। जिन्हें लोगों ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद राम गरीब, ननकुना, गंगादेवी, विद्यावती व शीला देवी को जनपद चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।