{"_id":"130-70212","slug":"Gonda-70212-130","type":"story","status":"publish","title_hn":"सपा विधायक से रंगदारी मांगने वाले को दबोचा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सपा विधायक से रंगदारी मांगने वाले को दबोचा
Gonda
Updated Wed, 27 Nov 2013 05:42 AM IST
विज्ञापन
बलरामपुर। बीते दिनों तुलसीपुर सपा विधायक मशहूद खां से मांगी गई 10 करोड़ की रंगदारी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नगर कोतवाली की पुलिस ने सोमवार की शाम एक युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आईटी एक्ट व रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। आरोपी ने पुलिस को इंडियन मुजाहिद्दीन के लिए काम करने की धमकी देकर धौंस जमाने की भी कोशिश की। उसने कहा कि इसके लिए उसको इंडियन मुजाहिद्दीन की ओर से धनराशि भी उपलब्ध कराई जाती है। तीन नवंबर को दीपावली के दिन विधायक को गिफ्ट पैक में एक पत्र मिला था। पत्र में उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। विधायक द्वारा पत्र पर ध्यान न दिये जाने पर उन्हें मोबाइल से मैसेज व फोन के जरिए भी रंगदारी देने के लिए धमकाया गया था। इस पर सपा विधायक ने मामले की शिकायत एसपी वीडी शुक्ल से की थी। एसपी ने विधायक की सुरक्षा बढ़ाकर मामले की छानबीन शुरू कराई थी। पुलिस ने मोबाइल फोन ट्रेस कर थाना तुलसीपुर के जोड़ग्गा पोखरा निवासी नौशाद अली को सोमवार की शाम धर दबोचा। पूछताछ में नौशाद ने बताया कि वह इंडियन मुजाहिद्दीन के लिए काम करता है। इसके लिए उसे आईएम की ओर से रकम भी मुहैया कराई जाती है। मगर पुलिस की सख्ती पर वह टूट गया और उसने आईएम से संबंध होने की बात नकार दी। नगर कोतवाल मोहम्मद कासिम ने बताया कि नौशाद इंडियन मुजाहिद्दीन का नाम लेकर पुलिस पर धौंस जमाना चाहता था। उसका आईएम से कोई संबंध नहीं है। नौशाद ने ही रंगदारी वाले पत्र का गिफ्ट विधायक के घर पहुंचाया था। नौशाद के विरुद्ध विधायक मशहूद खां की तहरीर पर आईटी एक्ट व रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन