{"_id":"130-45640","slug":"Gonda-45640-130","type":"story","status":"publish","title_hn":"साधन सहकारी समिति चुनाव में हंगामा, पथराव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
साधन सहकारी समिति चुनाव में हंगामा, पथराव
Gonda
Updated Tue, 30 Oct 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
रुपईडीह/शांतीनगर (गोंडा)। साधन सहकारी समिति के डेलीगेट्स के चुनाव में मतदाता सूची के मुताबिक मतदान कराने को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी को लेकर हंगामा हो गया। इसके बाद जमकर पथराव हुआ। इस दौरान सपा के पूर्व विधायक पर लोगों ने जानलेवा हमला किया। पथराव में पूर्व विधायक समेत तीन लोगों के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम व अपर पुलिस अधीक्षक ने स्थिति संभाली। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन ने चुनाव स्थगित कर दिया। इस मामले में पूर्व विधायक ने छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने व बलवा की रिपोर्ट दर्ज कराई है। साधन सहकारी समिति अहियाचेत के डेलीगेट्स के चुनाव के लिए सोमवार की सुबह प्राथमिक विद्यालय दुबहा बाजार में मतदान शुरू हुआ। यहां अहियाचेत समिति के कुल नौ गांवों में से छह गांवों के सदस्यों को डेलीगेट्स चुनने के लिए मतदान करना था। दोपहर 12 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण चला। इस दौरान 417 सदस्यों ने डेलीगेट्स चुनने के लिए मत डाले। दोपहर बाद एक पक्ष दूसरी सूची लेकर मतदान केंद्र पर पहुंचा। जिसमें 445 सदस्यों के नाम थे। इस सूची के अनुसार मतदान कराने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इस बीच दूसरी सूची में अंकित सदस्यों में आठ सदस्यों ने मतदान भी कर दिया। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। हालांकि पथराव के दौरान कोई घायल नहीं हुआ। मगर पथराव में सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे की सफारी गाड़ी समेत तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे का आरोप है कि पथराव के दौरान उन पर जानलेवा हमला किया गया। एसडीएम करनैलगंज केशव प्रसाद श्रीवास्तव, एएसपी एसके सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। एसडीएम ने बताया कि सूची को लेकर हुए बवाल के दौरान पथराव हो गया। इससे साधन सहकारी समिति अहियाचेत का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। बताया कि अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद चुनाव की तिथि घोषित की जाएगी। मामले में सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने थाना कौड़िया में कप्तान सिंह, जसवंतलाल, रामेश्वर, दिनेश प्रताप सिंह, शैलेंद्र व उमेश प्रताप सिंह के खिलाफ बलवा व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूर्व विधायक ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी नवनीत कुमार राणा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन