मरदह। थाना क्षेत्र के बरेंदा गांव निवासी दीपक यादव (19) की उत्तराखंड के रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी इंक्लेव फेज-एक में मौत हो गई। 16 जुलाई को युवक आवास की तीसरी मंजिल की छत पर फंदे से लटका मिला था। शनिवार को शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिजन के रोने-बिलखने लगे। इससे ग्रामीणों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। रुद्रपुर के सीओ विभव सैनी ने बताया दीपक यादव अपने चचेरे भाई व बहन के साथ महालक्ष्मी इंक्लेव फेज-1, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर में रह रहा था। 16 जुलाई की शाम करीब 5.55 बजे डायल 112 पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। युवक ने मकान की छत पर लोहे के कुंड़े से दुपट्टे का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली थी। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने उसे फंदे से उतार लिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस ने परिजनों को सुपुर्द कर दिया। शव पैतृक गांव पहुंचने पर बाबा फल्ली यादव, दादी मालती देवी, पिता जैलेंद्र यादव, माता सीता देवी, बहन मिन्सा, नेहा, निशा रोते-रोते अचेत हो जा रही थीं। मुखाग्नि पिता जैलेंद्र यादव ने दी। बताया कि पुलिस व परिजनों के द्वारा फोन से सूचना मिली थी कि बेटे दीपक यादव ने आत्महत्या कर ली है।