मुहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के चकतरफिया गांव के सामने गाजीपुर-भरौली मार्ग पर सोमवार को बाइक व बोलेरो में टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वह कुछ दिन पूर्व कक्षा 11 में दाखिले के लिए मुंबई से गांव आया था। किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गौसपुर गांव निवासी लक्की गुप्ता (20) व सत्यम कन्नौजिया (17) बाइक से किसी काम से मुहम्मदाबाद आए थे। वापस गांव जाते समय चकतरफिया गांव के पास हादसा हो गया। दोनों घायलों को सीएचसी मुहम्मदाबाद लाया गया। जहां डॉक्टरों ने लक्की गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल किशोर सत्यम कन्नौजिया को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर, चालक बोलेरो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के दादा शिवपूजन गुप्ता ने बताया कि लक्की गुप्ता के पिता विनोद गुप्ता परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था। कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के दादा शिवपूजन गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।