बहरियाबाद। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्तूबर से आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हो गया है। इसमें वाराणसी मंडल ने ओवर ऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। अंडर-19 बालक, अंडर-19 बालिका और अंडर-17 बालिका में मंडल की टीम चैंपियन रही।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन मंगलवार को वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टाउन नेशनल इंटर कॉलेज की खुशबू यादव ने 3000 मीटर वॉक रेस में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, लूर्द्स कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की नीलम बिंद ने 4000 मीटर रिले रेस में स्वर्ण और 400 मीटर रिले रेस में रजत पदक हासिल किया। डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज की पायल शर्मा ने कांस्य पदक जीता, जबकि इसी विद्यालय के अभय प्रसाद ने 5000 मीटर वॉक रेस में रजत पदक जीतकर जिले और मंडल का मान बढ़ाया। मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ियों ने क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम मैनेजर-कोच मुरलीधर राय, रुद्रपाल यादव, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव और रामअवध राम की देखरेख में खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस सफलता पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, जीआईसी के प्रधानाचार्य दिनेश यादव, प्रत्यूष त्रिपाठी, रामप्रकाश, उदयराज, विजयशंकर राय, कमरुद्दीन, सूर्यप्रकाश राय, शिवकुमार सिंह, अंजनी सिंह, अखंड राय और रामपलट यादव सहित अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं।