गाजीपुर। इलाहाबाद हाइकोर्ट (ग्रुप सी और ग्रुप डी) संवर्ग की भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गिरोह के तार गाजीपुर से जुड़ रहे हैं। मास्टर माइंड गाजीपुर का बताया जा रहा है। गिरोह के भंडाफोड़ के साथ ही पुलिस पुख्ता सबूत जुटा रही है। गिरोह में कोर्ट के कुछ कर्मचारियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस संदेह के आधार पर 6 संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
हाईकोर्ट की ग्रुप सी और डी संंवर्ग की दो दिन परीक्षा विभिन्न जनपदों में आयोजित की गई है। इस परीक्षा के लिए जिले में भी 12 सेंटर बनाए गए। परीक्षा में छह हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए, लेकिन पूर्व से मिले इनपुट के कारण प्रशासन परीक्षा को बेहद गोपनीय तरीके से करा रहा है। परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने से इंकार कर दिया है। गाजीपुर के परीक्षार्थियों का सेंटर आजमगढ़ बनाया गया है। वहां एक सॉल्वर गिरोह ने परीक्षार्थियों से सेटिंग करने की कोशिश की। ग्रुप सी की परीक्षा के दौरान शनिवार को एक साल्वर भी पकड़ा गया है। पुलिस की पूछताछ में यह भी बात सामने आई कि साॅल्वर की सेटिंग कराने और उसे बैठाने वाले गाजीपुर के हैं। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि कोई जिम्मेदार नहीं कर रहा है। एसपी डा. ईरज राजा का कहना है कि संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है, जो तथ्य सामने आएंगे उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।