गाजीपुर में सपा-सुभासपा का प्रदर्शन: ओमप्रकाश राजभर बोले- मुझे जान से मारने की भाजपा रच रही साजिश
गाजीपुर में चारागाह की जमीन को लेकर हुई नोकझोंक में सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और उनके समर्थकों पर मुकदमा दर्ज होने का मामला तूल पकड़ रहा है। शुक्रवार को सपा-सुभासपा ने धरना-प्रदर्शन किया।
विस्तार
गाजीपुर जिले के पहदरिया गांव में बीते मंगलवार को चारागाह की जमीन को लेकर सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जहूराबाद विधायक ओम प्रकाश राजभर तथा ग्रामीणों के बीच नोकझोंक का मामला बढ़ गया है। मामले में दोनों पक्ष से कुल 32 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण को लेकर सपा और सुभासपा नेता व कार्यकर्ता शुक्रवार को प्रशासन के खिलाफ लामबंद हो गए।
सभी ने सरजू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों पर कार्रवाई और मुकदमा वापस लेने की मांग की। इस दौरान विधायक ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह हमला दलितों, वंचितों और पिछड़ों के हक के लिए उठ रही आवाज पर है। मैं गरीबों, दलितों, पिछड़ों की आवाज उठाता रहूंगा चाहे इसके लिए कोई भी कुर्बानी देनी पड़े। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार हमें जान से मारने की साजिश रच रही है। यह चौथी घटना है हमें जान से मारने की।
किसी भी ताकत के सामने झुकने वाला नहीं
सुभासपा अध्यक्ष राजभर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जेल का दरवाजा खुला रखें, मैं किसी भी ताकत के सामने झुकने वाला नहीं हूं। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की अनुमति होने के बावजूद टेंट और माइक उखाड़ने पर एतराज जताया और कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सरकार का अपराध पर नियंत्रण नहीं
धरने में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी भी शामिल हुए। कहा कि सरकार का अपराध पर नियंत्रण नहीं रह गया है। भाजपा सरकार में समाजवादियों एवं उनके सहयोगी दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय और उत्पीड़न किया जा रहा है।
यह सरकार अन्याय और जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने वाले राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को पुलिस एवं गुंडों की लाठी गोली के बल पर कुचलना चाहती है। इस सरकार से न्याय की उम्मीद करना बेकार है। इस प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। धरना प्रदर्शन के अंत मे चार सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी सदर को सौंपा गया।
कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश सिंह, डॉ वीरेंद्र यादव और संग्राम यादव, आशुतोष सिन्हा, सुभासपा के जिलाध्यक्ष लल्लन राजभर, बेदी राम, विधायक जैकिशन साहू, प्रभु नारायन यादव, जगदीश कुशवाहा, राम किशुन यादव, विधायक मन्नू अंसारी, प्रभाकर जायसवाल, डॉ बलिराम राजभर आदि मौजूद रहे।
ओमप्रकाश राजभर ने लगाया है हमला करने का आरोप
विधायक ओमप्रकाश राजभर मंगलवार को क्षेत्र में भ्रमण के दौरान करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के मानसपुर पहदरिया गांव गए थे। वहां कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया था। इसके बाद विधायक और उनके समर्थकों ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए धरना दिया था।
विधायक का आरोप था कि 20-25 लोग लाठी-डंडे लेकर आए और उनसे मारपीट करने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने 16 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद राजभर कड़ी सुरक्षा के बीच गांव से चले गए। फिर दूसरे पक्ष के लोगों ने भी विधायक व उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ तहरीर दी थी।
इसमें ओमप्रकाश राजभर, कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों पर अभद्रता करने, चारागाह की जमीन पर जानवर नहीं चराने की धमकी देने का आरोप लगाया था। उधर, बुधवार को सुभासपा ओर से जिलाधिकारी एमपी सिंह को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर हमले का आरोप लगाते हुए सुरक्षा बढ़ाने और विधायक राजभर समेत पार्टी के 16 लोगों पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की।