गाजीपुर। शासन ने जिला जेल मैनुअल में काफी बदलाव किए हैं। अब रविवार की जगह शनिवार को बंदियों की स्वजनों से मुलाकात होगी। पहले शनिवार को जेल की छुट्टी होने से मुलाकात नहीं होती थी। लेकन अब रविवार की बंदी होने से व्यवस्था बदल गई है। अब जेल के अधिकारी सोमवार से शनिवार तक नये मैनुअल के मुताबिक काम करेंगे। जिला जेल प्रशासन का कहना है कि नये मैनूअल को अगले हफ्ते से लागू किया जाएगा। इसमें नए बदलाव के मुताबिक, त्योहारों पर बंदियों को खीर एवं सेवईं दी जाएगी। साथ ही सुबह की तरह मई-जून को छोड़कर प्रत्येक महीने शाम पांच बजे भी एक चाय एवं चार बिस्किट बंदियों को दिए जाएंगे। पुराने जेल मैनुअल में माह के पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे रविवार को स्पेशल डाइट पूड़ी सब्जी के साथ हलवा दिया जाता था। नए जेल मैनुअल में काफी बदलाव हुआ है। अब बंदियों हर रविवार को तो स्पेशल डाइट पूड़ी, सब्जी, हलवा मिलेगा ही। साथ ही दीपावली, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस पर विशेष भोजन में दिए जाने वाले सूजी के हलवे के स्थान पर खीर एवं ईद पर सेवईं दी जाएगी। वहीं बंदी कल्याणकारी कैंटीन से बंदियों को बेचे जाने वाले सामान एवं खाद्य सामग्री इस प्रकार चयनित किये जाएंगे, जिससे बंदियों के स्वास्थ्य और जेल के सामान्य पर्यावरण, सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। कैंटीन में उपलब्ध माल की मूल्य खरीद या तैयारी मूल्य पर अधिकतम दस प्रतिशात लाभ मार्जिग के साथ बेचा जाएगा। ऐसे में लाभ का 60 प्रतिशत रुपये कैंटीन खर्च के लिए लिया जाएगा और 40 प्रतिशत बंदियों के कल्याण कोष से दिया जाएगा। डिप्टी जेलर रविंद्र सिंह ने बताया कि शासन से जिला जेल के मैनुअल में बदलाब किया गया है। इसे अगले हफ्ते से लागू किया जाएगा। बंदियों से मिलने का दिन रविवार की बजाय शनिवार होने के साथ सुबह के चाय के साथ-साथ शाम को एक चाय एवं चार बिस्किट देने की व्यवस्था हुई है।