भड़सर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के बघोल पुलिया के पास शुक्रवार की रात पुलिस मुठभेड़ में पुलिस ने हत्या और गो- तस्करी के मामले में वांछित जियाऊद्दीन उर्फ जियाऊ कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा, एक कारतूस, बिना नंबर प्लेट और बिना चेसिस नंबर की बाइक बरामद हुई।
थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ मदारपुर मार्ग पर स्थित बघोल पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगा। घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नोनहरा थाना के नोनहरा गांव निवासी जियाऊद्दीन उर्फ जियाऊ कुरैशी (35) के रूप में हुई है। जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध हत्या, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम सहित कई गंभीर आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।