मिशन शक्ति अभियान: महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस, बाजारों में पैदल गश्त
गाजीपुर में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत 15 थाना क्षेत्रों में पुलिस ने जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया। बाजारों में पैदल गश्त के साथ एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी की।
विस्तार
महिलाओं की सुरक्षा और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त की। वहीं, एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। एंटी रोमियो टीमों ने भी विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की।
15 थाना क्षेत्रों में चला अभियान
अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस टीमें सार्वजनिक स्थानों पर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। एंटी रोमियो टीमों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शहर कोतवाली, खानपुर, सैदपुर, रामपुर मांझा, नंदगंज, करंडा, नोनहरा, कासिमाबाद, जमानिया, रेवतीपुर, मुहम्मदाबाद, भांवरकोल, सुहवल, शादियाबाद और बहरियाबाद सहित 15 थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और उनमें सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
