Voter Awareness: कहीं निकली बाइक रैली, कहीं दिलाई शपथ, मतदाताओं को ऐसे किया गया जागरूक
Ghazipur News: लोकसभा चुनाव में विधानसभा क्षेत्र को तीन जोन और 37 सेक्टर में बांटा गया है। स्थानीय तहसील में कुल 110 और सेवराई तहसील में 85 सहित कुल 195 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही लटिया स्थित अशोक स्तंभ का औचक निरीक्षण भी किया।
विस्तार
मरदह ब्लाक स्थित कंपोजिट विद्यालय पलिया के परिसर से न्याय पंचायत पलिया की मतदाता जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली में शामिल अध्यापकगण और छात्र मतदाता जागरूकता संबंधित बैनर पोस्टर के साथ नारे लगा रहे थे। इसके पूर्व रैली को एनपीआरसी नोडल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फत्तेपुर, रसूलाबाद, रुहीपुर ग्राम पंचायतों में भ्रमण करते हुए डांडीकला में जाकर समाप्त हुई। इस मौके पर विद्युत प्रकाश, विनोद सिंह, राधेश्याम यादव, सरिता, मीरा आदि मौजूद रहे।
मुहम्मदाबाद नगरपालिका परिषद कार्यालय में अधिशासी अधिकारी विरेंद्र कुमार राव ने कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता के तहत मतदान करने को लेकर शपथ दिलाई। वहीं क्षेत्र के शेरपुर खुर्द स्थित शहीद संस्मरण इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर मतदान के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डा. राकेश कुमार श्रीवास्तव, प्रबंधक उमेशचंद्र राय, कृष्ण मोहन गुप्ता, उमेशचंद्र पटेल, गौरव पांडेय आदि मौजूद रहे।
मुख्य प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों के साथ बैरियर और पिकेट का निरीक्षण किया
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्य प्रेक्षक अनंतलाल ज्ञानी ने विधानसभा क्षेत्र के लगभग 40 मतदान केंद्रोंं के साथ बैरियर एवं पिकेट का शुक्रवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया।
मुख्य प्रेक्षक अनंतलाल ज्ञानी ने एआरओ एवं उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार, तहसीलदार देवेंद्र यादव तथा कोतवाली प्रभारी श्यामजी यादव के साथ सब्बलपुर, हरपुर, हेतिमपुर, नगर कस्बा, राजकीय बालिका इंटर कालेज सहित लगभग 40 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि केंद्र पर शुद्ध पेयजल, लाइट, शौचालय, रैंप जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। सभी जरूरी सुविधा मुहैया कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को एक वोटर फ्रेंडली वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास करना चाहिए। दिव्यांग मतदाताओं के लिए बनाए गए रैम्प का निर्माण मानक के अनुरूप कराया जाए। बूथों के आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने सहित मतदाताओं को जागरूक करने की आवश्यकता है। इसलिए सभी सेक्टर पदाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी, बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक एवं प्रेरित करें।