गाजीपुर। होली का पर्व सोमवार को उत्साह और उमंग के बीच मनाया गया। जोगीरा सराररा के बीच खूब अबीर-गुलाल उड़े। युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह रहा। सुबह से रंग का जो दौर चला तो वह दोपहर तक जारी रहा। शाम को एक दूसरे को अबीर लगाकर गले मिले और होली की शुभकामानएं दीं। इस दौरान लोगों ने पकवानों का भी आनंद उठाया। उधर, पुलिस प्रशासन ने त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के चौकस इंतजाम किए थे। सुबह आठ बजे से टोली में युवाओं के निकलने का क्रम शुरु हो गया था। रंग से सराबोर समूह में चल रहे युवा रास्ते में मिल रहे हर एक को रंगने में गुरेज नहीं कर रहे थे। कई जगहों पर ढोल-मजीरा बजाते हुए एवं लाउड स्पीकरों पर बजते होली गीतों पर लोगों ने ठुमके भी लगाए। इस दौरान अबीर-गुलाल की बौछार होती रही। छोटे बच्चे घर की छतों पर से र आने-जाने वाले पर पिचकारी से रंग डाल रहे थे। कई स्थानों पर हुड़दंग के बीच युवाओं ने एक-दूसरे के कपड़े भी फाड़े। इसे लेकर नोकझोंक भी हुई। लेकिन बुरा न मानो होली है के बीच सब सामान्य हो जा रहा था। होली को लेकर महिलाओं और युवतियों में भी उत्साह रहा। उन्होंने घरों के अंदर ही एक-दूसरे पर रंगों की बारिश की। किसी ने अबीर-गुलाल से तो कई ने रंगों से एक-दूसरे को सराबोर किया। दोपहर बाद तक रंग खेलने का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद शाम को लोग एक-दूसरे के घर पहुंचे और अबीर-गुलाल लगाकर गले मिले और पर्व की बधाई दी। इस दौरान लोगों ने गुझिया, चिप्स, पापड़, नमकीन, मिठाई, दहीबाड़ा, छोला आदि स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। शाम पांच बजे से मिलने-जुलने का जो क्रम शुरु हुआ, वह देर रात तक जारी रहा। उधर, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। अधिकारी भी चक्रमण करते रहे। दूसरे दिन मंगलवार को भी त्योहार का असर दिखाई दिया। दिन में सड़कों पर नाममात्र की चहल-पहल दिखाई दी। मार्गों पर एक-दूसरे के घर होली की बधाई देने वाले लोग ही ज्यादा आते-जाते दिखाई दिए।