कन्नौज के सांसद और पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने कहा कि प्रदेश में जनता की हर आवश्यक्ताओं और अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए भाजपा सरकार संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। यह बातें उन्होंने शुक्रवार को पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित संगठनात्मक बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद की गैर भाजपा सरकारों की मानसिकता में समाज का अंतिम और कमजोर आदमी नहीं रहा। नहीं तो आज प्रदेश समृद्धि के उच्चतम मानक का मूल्यांक अर्जित कर रहा होता। गाजीपुर संगठन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यक्रमों के प्रति प्रवास एवं बैठक का नियमित निर्धारण संगठन को मजबूती प्रदान करेगा। लोकसभा प्रभारी सुशील उपाध्याय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधान संगठन है। यह हमारी संगठन की शक्ति की मजबूती का सबसे बड़ा आधार है। हमारे संगठन का प्रत्येक सदस्य राष्ट्र को परम वैभव पर स्थापित करने के लिए कार्य करता है। जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ देकर स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर एमएलसी विशाल सिंह चंचल, पूर्व मंत्री डॉ. संगीता बलवंत, सुनीता सिंह, बृजनंदन सिंह, सुनील सिंह, नपाध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लाक प्रमुख राजन सिंह, राजेश भारद्वाज, ओमप्रकाश राय व आलोक शर्मा, लालसा भारद्वाज आदि उपस्थित थे।