साहब माफ कर दीजिए: जेल जाने के डर से भागना चाहते थे बदमाश, पुलिस पर झोंकी फायरिंग; जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों ने जेल जाने के डर से पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी।
विस्तार
गाजीपुर जिले के नंदगंज बाजार स्थित रेलवे क्रासिंग के पास निजी अस्पताल संचालक से फिरौती की रकम मांगने के लिए फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को पुलिस और स्वॉट टीम ने मुठभेड़ में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा को टीम ने बरहपुर से बरामद कर लिया। मुठभेड़ में दोनों के पैर में गोली लगी है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हम जेल जाने के डर से भागना चाहते थे, जिससे पुलिस पर फायरिंग किए। बोले कि साहब, हमसे गलती हो गई है, माफ कर दीजिए।
ये है पूरा मामला
नंदगंज थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार स्थित रेलवे क्रासिंग के पास संचालित निजी अस्पताल पर पहुंचे दो बदमाशों ने लक्ष्य कर बीते चार मई की रात चैंबर पर फायरिंग किया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश तमंचा लहराते फरार हो गए। अस्पताल संचालिका की तहरीर पर पुलिस ने बीते पांच मई को मुकदमा दर्जकर किया था।
इसे भी पढ़ें; Mirzapur News: पुलिस से खुद को घिरा देख पशु तस्करों ने झोंकी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो को लगी गोली
11 मई को नंदगंज पुलिस और स्वॉट टीम भ्रमण चिन्हित कर फायरिंग करने वाले बदमाश शहर कोतवाली के सकरा गांव निवासी अमन यादव पुत्र अजय सिंह यादव और करंडा थाना के बेलसड़ी निवासी अमन यादव पुत्र अंगद यादव को नंदगंज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें; बदल रही काशी: एलीवेटेड रोड से वरुणा का होगा कायाकल्प, नदी के किनारे सड़क बनने से जाम से मिलेगी मुक्ति
मौका देखकर पुलिस पर कर दी फायरिंग
फायरिंग में प्रयुक्त असलहा की बरामदगी के लिए टीम दोनों बदमाशों को बरहपुर गांव लेकर पहुंची। जहां दोनों बदमाशों ने मौका देखकर पुलिस वालों को जान से मारने की नियत से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के बाएं पैर में गोली लग गई और घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए न्यू पीएचसी नंदगंज लाया गया। बदमाशों के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, एक खोखा, एक कारतूस, एक देशी तमंचा और एक खोखा बरामद किया।
भुड़कुड़ा सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों बदमाशों को घटना में प्रयुक्त असलहा बरामदगी के लिए पुलिस लेकर गई थी। जहां दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस पूछताछ के साथ विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।