बहरियाबाद। आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर क्षेत्र के भरतपुर गांव में स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में सेव अर्थ बाई प्लांट संस्था की तरफ से पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोगों को जागरूक करते हुए छात्र-छात्राओं को फलदार पौधे वितरित किए गए। मुख्य अतिथि सुरेंद्र बहादुर यादव ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर पौधरोपण के संबंध में उठाया गया यह कदम सराहनीय है। फलदार वृक्षों से कुपोषण की समस्या से छुटकारा तो मिलेगा ही साथ ही इन पौधों से प्राप्त फलों के सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होगा। कृषि वैज्ञानिक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि हर परिवार के लोग कम से कम पांच फलदार पौधे लगाएं। पौधे लगा देना बड़ी बात नहीं बल्कि इसकी देख-रेख एवं सुरक्षा आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि संतोष कुमार सिंह ने कहा कि हम पौधरोपण को बढ़ावा दें। 100 छात्र-छात्राओं को अमरूद, बेल, नीबू, करौंदा आदि के दो सौ पौधे वितरित किए गए। इस दौरान राजेश यादव, रविशंकर सिंह, डा. रमाशंकर सिंह, संजय बरनवाल, वकील अहमद, प्रशांत पांडेय आदि मौजूद थे। संचालन एवं आभार प्रधानाध्यापक सतीश सिंह ने व्यक्त किया।