एसडीएम राजेश प्रसाद चौरसिया ने सोमवार की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पर मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत जानी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के अनुपस्थित मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही प्रभारी अधीक्षक डा. धनंजय आनंद को फोन पर कड़ी फटकार लगाई।
एसडीएम द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में रात में ही सभी स्वास्थ्य कर्मी और चिकित्सक भागकर अस्पताल पहुंचे। एसडीएम ने सभी को चेतावनी देते हुए कहा कि दूसरी बार अगर किसी भी प्रकार की हीला हवाली एवं लापरवाही मिली तो संबंधित दोषी स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल परिसर में गंदगी होने और शौचालय में पानी ना होने पर चेताया कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की होगी। एसडीएम राजेश प्रसाद चौरसिया ने बताया कि लोगों द्वारा स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक ना होने व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया ना होने की शिकायत मिल रही थी। देर रात आकाशीय बिजली की चपेट में आने से छह लोग झुलसने की सूचना मिलने पर सभी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। जहां एंबुलेंस कर्मी द्वारा सभी घायलों को बिना प्राथमिक उपचार के ही ले जाया जा रहा था।