गाजीपुर। जिले में बढ़ रहे संक्रमण पर ब्रेक नहीं लग पा रही है। संक्रमितों को इलाज की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए जिले में छह नए एल-टू अस्पताल बनाए गए हैं। साथ ही 555 बेड भी सुरक्षित कर जीवन रक्षक दवाओं एवं अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से निजी अस्पतालों को अधिग्रहीत कर लैस किया जा रहा है।
कोरोना की दूसरी लहर से जिले में स्थिति भयावह हो गई है। एक तरफ जहां संक्रमितों की संख्या में लगातार वृद्धि होती जा रही है। वहीं आक्सीजन लेवल कम होने से मरीजों की मौत हो रही है। ऐसे में बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एल-टू अस्पतालों की संख्या बढ़ाई जा रही है। नगर के लिए पहले से निजी अस्पतालों को अधिग्रहित कर बेड को सुरक्षित कर दिया गया था। ऐसे में सैदपुर में वर्ल्डग्रीन हास्पिटल में 100 बेड, सादात में केएसवी आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज में 100 बेड, मां सरस्वती सेवा संस्थान महेंगवा मरदह 150, आरएस हास्पिटल देवा दुल्लहपुर 150, धनरावती हास्पिटल जखनिया 25 एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादात में 30 बेड सुरक्षित किया गया है। साथ ही इन अधिग्रहित निजी अस्पतालों को जीवन रक्षक दवाओं के साथ अन्य चिकित्सकीय उपकरणों से लैस किया जा रहा है, जिससे विकट परिस्थिति में मरीजों को भर्ती करके उपचार किया जा सके।