Ghazipur: ससुराल के बाहर धरने पर बैठी बहू, बोली- दहेज के लिए घर में घुसने नहीं दे रहे सास और ननद
गाजीपुर के खूंटहां गांव में एक विवाहिता अपने ही घर के सामने धरने पर बैठ गई। उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घर में घुसने नहीं देने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि सास, ननद सहित अन्य लोग घर में घुसने नहीं दे रहे हैं।
विस्तार
गाजीपुर के खूंटहां गांव में एक विवाहिता अपने ही घर के सामने धरने पर बैठ गई। उसने ससुराल पक्ष के लोगों पर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घर में घुसने नहीं देने का आरोप लगाया। उसका कहना था कि सास, ननद सहित अन्य लोग घर में घुसने नहीं दे रहे हैं। उन लोगों ने अंदर से ताला बंद कर दिया है। इसे लेकर शनिवार को पंचायत होनी थी।
ससुराल पक्ष के लोग पंचायत में नहीं पहुंचे तो विवाहिता अपने ससुराल पहुंच कर दरवाजे पर ही बैठ गई। फिर भी दरवाजा नहीं खुला तो विवाहिता के भाई बृजेश चौहान ने 112 नंबर सहायता पुलिस को फोन कर पुलिस सहायता बुलाया। मौके पर पहुंची पीआरबी की तरफ से भी कोई संतोषजनक कार्यवाही नहीं हुई तो दुल्लहपुर थाने में तहरीर भी दी।
शनिवार देर रात तक विवाहिता धरने पर बैठी थी। इस संबंध में दुल्लहपुर थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि दो महीने पहले ही दुल्लहपुर थाने में दुल्हन के तहरीर पर दहेज और उत्पीड़न का मुकदमा पंजीकृत है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
मायके जा रही महिला की ट्रेन से कटकर मौत
मरदह थाना क्षेत्र के सोढरा गांव निवासी ज्योति देवी (60) की शुक्रवार को नंदगंज थाना के धामूपुर गांव के पास पटरी पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। ज्योति देवी अपने मायका नंदनगंज अतरसुआ गांव में अपने भतीजे की शादी में भाग लेने के लिए घर से जा रही थी। मायका पहुंचने से पहले ही रेलवे की पटरी पार करते हुए वह ट्रेन के चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोढरा गांव में ज्योति की मृत्यु की सूचना पर शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों में गमगीन माहौल बना हुआ है।
गुटखा थूकने के चक्कर में ट्रेन से गिरा युवक
ताजपुर रेलवे स्टेशन के पास बलिया के छट्ठू रजक की शनिवार को बलिया से वाराणसी पैसेंजर ट्रेन से जाने के दौरान गिरने से घायल हो गया। वह बलिया के गांव मैरिटार थाना बांसडीह के रहने वाले हैं। अपनी रिश्तेदारी में गाजीपुर शादी समारोह में शामिल होने ट्रेन से जा रहा था। गुटखा खाकर छट्ठू ट्रेन के गेट की तरफ थूकने के लिए बढ़ा। उसी दौरान हैंडिल से उसका हाथ छूट गया और ट्रेन से नीचे जा गिरा। इसकी सूचना करीमुद्दीनपुर थाने को लगी तो एसआई श्रीकांत यादव ने घायल को उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदाबाद भेजा। जहां उसका इलाज चल रहा है।