वाराणसीः लहसुन की 10 बोरियां चोरी, दुकान का रोशनदान काट किया हाथ साफ
प्याज और लहसुन में आई महंगाई का ही असर है कि अब लहसुन भी चोरी होने लगा है। पहड़िया मंडी में शनिवार की रात चोरों ने दुकान का रोशनदान काट 75 हजार रुपये का दस बोरी लहसुन पार कर दिया।
रविवार की सुबह आढ़ती दुकान पर पहुंचा तो गायब बोरियों की जानकारी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों की मदद से छानबीन के दौरान दुकान के पीछे दूसरी दुकान से चोरी हुए दस बोरी लहसुन को बरामद किया। आढ़ती ने चोरी के बाबत पहड़िया पुलिस चौकी में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
हरितीर्थ चौराहा के अंबिया मंडी निवासी आलम की पहड़िया मंडी में गुलाम एंड संस के नाम से फर्म है। प्याज-लहसुन का कारोबारी आलम सुबह जब दुकान पर पहुंचा तो पता चला कि रोशनदान कटा हुआ है और दुकान में रखा 75 हजार रुपये मूल्य का दस बोरी लहसुन गायब है।
चोरी की जानकारी मिलते ही आढ़ती एकजुट हो गए। इसी बीच व्यापारियों ने दुकान के पीछे एक अन्य दुकान की जांच पड़ताल की तो वहां से चोरी हुआ दस बोरी लहसुन बरामद हुआ। व्यापारियों ने कहा कि सप्ताह भर पहले मजदूरों का बर्तन चोरी हुआ था तो यही से बरामद हुआ था।
चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आढ़तियों ने प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड भी रखा है। पहड़िया पुलिस चौकी में आढ़ती गुलाम ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना में आधा दर्जन से अधिक चोरों की संलिप्ता सामने आई है।