जसराना (फिरोजाबाद)। जमीन के विवाद में सोमवार की दोपहर मुस्तफाबाद में चौकी के पास दो पक्षों में हुए विवाद में फायरिंग हो गई। जिसमें एक पक्ष से युवक के पैर में गोली लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस को देख हंगामा कर रहे लोग भाग खडे़ हुए। वहीं पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजा है।
कस्बा मुस्तफाबाद निवासी सुघर सिंह एवं विजय कुमार उर्फ बीटू के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सुघर सिंह द्वारा उक्त जमीन पर निर्माण करने पर दो दिन पूर्व भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने कार्य रुकवा दिया। सोमवार को एक बार फिर दोनों पक्षों में विवाद होने पर फायरिंग होने लगी। जिससे भगदड़ मचने पर कुछ देर के लिए बाजार भी बंद हो गया। फायरिंग के दौरान सुघर सिंह के पुत्र सनोज कुमार के पैर में गोली लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर हंगामा कर रहे लोग भाग खडे़ हुए। वहीं पुलिस ने घायल सनोज को सीएचसी भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। सीओ जसराना प्रीती सिंह ने कोतवाल जितेंद्र कुमार द्विवेदी के साथ घटनास्थल पर जाकर लोगों से पूछताछ की। घायल सनोज कुमार ने निवर्तमान प्रधान मनोज यादव, विजय कुमार उर्फ बीटू, हरिकेश उर्फ सीटू, उपेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कहा है कि जमीन के विवाद में आरोपियों ने चौकी के पास उसे रोककर गोली मारी है। कोतवाल जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहरीर पर मामला दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।