सोनी पर था ऊपरी साया!: बच्चा न होने पर तांत्रिकों के पास ले जाते थे ससुराल वाले, क्रिया के नाम पर खिलाया जहर
भाई का आरोप है कि मौत के बाद उसे फंदे पर लटकाने का नाटक रचा गया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
यूपी के फिरोजाबाद जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके वालों ने तंत्र-मंत्र के चक्कर में ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मायके वालों ने लगाया तंत्र-मंत्र कर हत्या का आरोप
फिरोजाबाद के थाना मटसेना क्षेत्र के वजीरपुर आनंदीपुर की रहने वाली 30 वर्षीय सहायक अध्यापिका सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष जब शिक्षिका को गंभीर हालत में शनिवार रात फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और ससुराल जनों पर तंत्र-मंत्र के चक्कर में हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया।
दो साल से नहीं हो रही थी संतान
पिता रामऔतार शर्मा के अनुसार बेटी सोनी की शादी 7 दिसंबर 2022 को इटावा के जसवंत नगर निवासी शिवकिशोर दीक्षित के साथ हुई थी। सोनी इटावा में ही परिषदीय विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थी। आरोप है कि शादी के दो साल बीतने के बाद भी संतान न होने के कारण ससुराल पक्ष सोनी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
ससुराल वाले रचते थे ऊपरी साया का ढोंग
ससुराल वाले सोनी पर ऊपरी साया होने का ढोंग रचते थे और उसे अक्सर तांत्रिकों व बाबाओं के पास ले जाते थे। तंत्र क्रिया के नाम पर उसे कुछ जहरीली या नशीली वस्तु खिलाई गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। उन्होंने ससुराल पक्ष की कहानी पर सवाल उठाते हुए कहा कि सोनी की हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए बाद में उसके गले पर निशान बनाए गए हैं।
मौत के बाद फंदे पर लटकाने का नाटक रचा
भाई का आरोप है कि मौत के बाद उसे फंदे पर लटकाने का नाटक रचा गया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी, दो ननद, एक ननदोई और एक देवर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है।
पोस्टमार्टम हाउस से भाग गए ससुराल वाले
मृतका के शव का रविवार दोपहर को पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान ससुराल वाले मौके से भाग गए। परिजन ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई। थाना प्रभारी उत्तर अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पैनल के द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर उसे थाना जसवंत नगर पुलिस को सौंप दिया जाएगा। वहीं तहरीर दी गई है।