टूंडला (फिरोजाबाद)। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज ने बृहस्पतिवार को टूंडला रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधीनस्थों को यात्री सुविधाओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए। डीआरएम ने अधीनस्थों से कोरोना काल में टूंडला रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की कोरोना से बचाव के लिए किए उपायों की जानकारी ली।
प्रयागराज मंडल के डीआरएम मोहित चंद्रा ने सुबह यहां आकर अधिकारियों के साथ टूंडला स्टेशन का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने केंद्रीय नियंत्रण कक्ष टूंडला में जाकर ट्रेनों के संचालन को देखा। उन्होंने ट्रेनों के संचालन को सामयिक रूप से बनाए रखने के लिए अधीनस्थों को निर्देश भी दिए। इसके बाद आरपीएफ पोस्ट पर भी पहुंचे। यहां उन्होंने बिल्डिंग का मुआयना करने के बाद स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, वीआईपी रेस्ट रूम एवं डिप्टी एसएस टूंडला के कार्यालय में भी ट्रेनों की मॉनिटरिंग की जानकारी ली। रोलिंग हट ट्रेनों के पासिंग के दौरान हैंगिग पार्ट की मॉनिटरिंग के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद वे गॉर्ड-ड्राइवर लॉबी पर पहुंचे। जहां उन्होंने रोस्टर एवं अन्य सुविधाओं को देखा। जहां से उनका काफिला एनसीआर इंटर कॉलेज के लिए रवाना हो गया। डीटीएम टूंडला जे संजय कुमार, एई जनरल आरके सिंह, एईएन हेड क्वार्टर केपी सिंह, आरपीएफ एसी आई पी सिंह, एसएस अमर सिंह, टीआई सुजीत कुमार, डब्लूएमआई राकेश ग्रोवर, आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित यादव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।