लापरवाही ने जन्म लेते ही छीन ली नवजात की जिंदगी: प्रसूता की भी हो गई मौत, भाग खड़ा हुआ स्टॉफ; अस्पताल सील
निजी अस्पताल में लापरवाही ने जन्म लेते ही नवजात की जिंदगी छीन ली। प्रसूता की भी मौत हो गई। घटना के बाद स्टॉफ भाग खड़ा हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल सील कर दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सोमवार की तड़के एक निजी अस्पताल में प्रसूता व नवजात की मौत हो गई। इस पर परिजन ने अस्पताल स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद अस्पताल स्टॉफ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
थोड़ी देर में ही नवजात ने तोड़ दिया दम
मामला नारखी थाना क्षेत्र के जाटऊ गांव का है। गांव निवासी रिंकू की पत्नी गायत्री देवी (22) को रविवार की रात प्रसव पीड़ा हुई। परिजन महिला को उत्तर थाना क्षेत्र के बंबा बाईपास रोड स्थित सिद्वार्थ अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। परिजन ने बताया कि तड़के करीब पौने तीन बजे प्रसूता ने बेटे को जन्म दिया। प्रसव के थोड़ी देर बाद ही नवजात की मौत हो गई।
यह भी पढ़ेंः- मरे हुए पति का बदल दिया बाप: संपत्ति हथियाने के लिए बहू ने रची ऐसी साजिश, हकीकत सुन पुलिस के भी उड़ गए होश
परिजन ने शुरू कर दिया हंगामा
इस पर परिजन नवजात का अंतिम संस्कार करने के लिए उसे लेकर गांव चले गए। तड़के चार बजे वह वापस अस्पताल लौटे। इस बीच डॉक्टरों ने प्रसूता की भी मौत होने की जानकारी दी। प्रसूता की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन भड़क गए। उन्होंने अस्पताल में हंगामा करना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ेंः- ताजनगरी में यहां मिलता है सुकून: आगरा आए और इन जगहों पर नहीं घूमे तो क्या घूमे, ये हैं बेहतरीन पिकनिक स्पॉट
तहरीर मिलने पर की जाएगी कार्रवाई
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन को समझाकर शांत कराया। पुलिस के देखकर अस्पताल स्टॉफ वहां से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। एसओ नरेद्र शर्मा ने बताया कि परिवार की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः- साजन के इंतजार में बैठी रही दुल्हन: दूल्हे राजा को मंडप से उठा ले गई पुलिस, हकीकत जान उड़ गए लोगों के होश
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल किया सील
घटना की शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान हॉस्पीटल में चिकित्सीय व प्रसूति क्रिया से जुड़े उपचार के लिए जरूरी संसाधनों का अभाव पाया। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस जारी करके जावब तलब किया गया है।