टूंडला। प्रदेश सरकार के पर्यटन और सांस्कृतिक मंत्री जयवीर सिंह बृहस्पतिवार शाम को अलावलपुर, टूंडला विधायक और नारखी ब्लॉक प्रमुख के कैंप कार्यालय पहुंचे। यहां उनका केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। यहां उन्होंने सपा व कांग्रेस को एक ही थैली के चट्टे-बट्टे बताते हुए चुनाव में पूरी तरह सफाया होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से जीएसटी में कमी की गई है। 28 से घटाकर पांच और 18 प्रतिशत की गई हैं। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है। सरकार भी इस पर नियंत्रण कर रही है। कोई दुकानदार पुराने रेट पर सामान दे रहा है। उसकी शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी। वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में विपक्ष का हाल पहले से भी बुरा होगा। सपा शासन में अराजकता, गुंडई, चौथ वसूली, जमीनों पर कब्जे किए गए, दंगा फैलाए गए, महिलाओं पर अत्याचार हुए उसके बाद प्रदेश की जनता ने उन्हें नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अभी एक योजना चला रही है वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वहीं, सपा की सरकार में चलता था वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया। वहीं, जिला चलाता था, वर्ष 2012 से 2017 के बीच में उत्तर प्रदेश को पाकिस्तान बनाकर रख दिया था। कब्रिस्तान की बाउंड्री होती थी। आज सनातन के मंदिरों का कायाकल्प हो रहा है। बरेली हिंसा पर उन्होंने कहा कि हिंसा फैलाने वालों पर कार्रवाई हुई है। इस दौरान विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष वृंदावनलाल गुप्ता, सुशील चक, हनुमंत बघेल, दिनेश गुप्ता, सुशील पौनियां, जयजीव पाराशर, द्विजेंद्र विक्रम परमार, संजय परमार, जितेंद्र प्रताप सिटी आदि उपस्थित रहे।