फिरोजाबाद। ईद-उल-अजहा का पर्व आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाएगा। मस्जिदों में पांच लोग ही नमाज अदा कर सकेंगे। मौलानाओं की ओर से ईद के मौके पर साफ-सफाई, पेयजल एवं बिजली की आपूर्ति सुचारु रूप से रखने की नगर निगम से अपेक्षा की। कुर्बानी के पश्चात निकलने वाले कूड़े को निगम की गाड़ी में ही डालें। पालीवाल हॉल में एसएसपी सचिंद्र पटेल की अध्यक्षता में ईद-उल-अजहा को लेकर शहर के प्रमुख मौलानाओं के साथ बैठक की गई। मौलाना मोेहम्मद सफी कासमी ने कहा कि शासन के गाइड लाइन के अनुसार ईद-उल-अजहा की नमाज पांच लोग ही मस्जिदों में अदा करेंगे। इस दौरान सभी सामाजिक दूरी का पालन करेंगे। मुफ्ती आदम मुस्तफा सादी ने कहा कि बकरीद के दौरान बिजली एवं पानी की आपूर्ति सुचारु रखी जाए। बकरीद पर कुर्बानी का कचरा निकलने के कारण उसे तब तक बाहर नहीं फेंके जब तक नगर निगम की गाड़ी नहीं आ जाए।
गाड़ी के आने पर ही उसमें डालें। ताकि किसी को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। इस्लामिक सेंटर के सचिव आलम मुस्तफा याकूबी ने कहा कि कुर्बानी के बाद उसके तीन हिस्से किए जाते हैं गरीब तबके को एक हिस्सा देने के लिए जाना पड़ता है। इसलिए उस दिन पुलिसकर्मी चौराहों पर सादगी का व्यवहार करें। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने कहा कि ईद-उल-अजहा के मौके पर पुलिस प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्थाएं की जाएंगी। एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने कहा कि आप लोग सहयोग करें, हम लोग पूरी तरह से आपके साथ हैं। नगर आयुक्त विजय कुमार ने भरोसा दिया कि निगम की ओर से साफ सफाई, पेयजलापूर्ति सुचारु रूप से की जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह, एसओ उत्तर नीरज मिश्रा, मौलाना फारुक, मुफ्ती तनवीर, मौलाना तनवीर उल कादरी, मौलाना अनवार हुसैन रजी, मुफ्ती कासिम रजी, मौलाना यामीन अख्तर के साथ तमाम मस्जिदों के मौलाना मौजूद थे। संचालन करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां ने किया।