फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से चल रहा है। एक लाख से अधिक उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब तक हो चुका है। मूल्यांकन के दौरान नोटों की बारिश हुई। उत्तर-पुस्तिकाओं में दो सौ और पांच सौ के नोट निकले। हालांकि उन नोट को कोष में जमा करने के आदेश हैं, किंतु गुरुजी ने कोष में जमा न करके जेब में रख लिए। नोट के साथ उत्तर-पुस्तिकाओं में अच्छे अंक देने की प्रार्थना परीक्षार्थियों ने गुरुजी से की थी। गुरुजी ने भी पूरा सहयोग दिया।
एक शिक्षक की तो 10 उत्तर पुस्तिकाओं में लगातार नोट निकले। जिसे देखकर आसपास के उत्तर-पुस्तिका चेक कर रहे गुरुजी भी दंग रह गए। वहीं, दूसरा बंडल खुला तो उत्तर-पुस्तिकाओं में दो-दो सौ के नोट निकला शुरू हो गए। लॉकडाउन के बीच नोटों की बारिश से गुरुजी खुश हो गए। किसी ने गुरुजी से पास करने की अपील की तो किसी को अपना भविष्य गुरुजी के हाथ में बताया। कई परीक्षार्थियों को शादी के लिए पास करने की मांग गुरुजी से करते रहे। हालांकि जो उत्तर-पुस्तिकाएं पूरी खाली थी तो मजबूरी में गुरुजी को फेल करना पड़ा। शहर के पीडी जैन इंटर कॉलेज, एमजी गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और छोटेलाल इंटर कॉलेज में उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। डीआईओएस रितु गोयल ने भी मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया। शिक्षकों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील भी की।