Firozabad: लोन दिलाने के नाम पर लोगों से 42 लाख की ठगी, आधा सैकड़ा लोग पहुंचे थाने, बोले- लोन मिला न पैसे
फिरोजाबाद में लोन दिलाने के नाम पर लोगों से 42 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार आधा सैकड़ा लोग थाने पहुंचे। कहा कि लोन मिला न पैसे। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में फाइनेंस कंपनी के संचालक द्वारा लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। कंपनी के भागने के अंदेशे पर आधा सैकड़ा लोगों ने थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने बताया कि करीब दो हजार लोगों से ऋण स्वीकृत करने के नाम पर 42 लाख रुपये की ठगी की गई है। पुलिस फाइनेंस कराने वालों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
ऋण स्वीकृत के नाम पर वसूले पैसे
मामला शिकोहाबाद थाना क्षेत्र का है। यहां रविवार को करीब 40-50 महिला-पुरुष थाना पहुंचे। पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व एसआरआर माइक्रो सोल्यूशन फेडरेशन नाम की फाइनेंस कंपनी आई थी। कंपनी ने अपने एजेंट बनाए और एजेंटों के ही माध्यम से दो लाख तक का ऋण स्वीकृत किए जाने को फाइलें तैयार कराई गई। इसके एवज में इक्कीस-इक्कीस सौ रुपये की रसीद शहर के दो हजार से अधिक लोगों की काटी गई थी।
संचालक ने पैसे देने से इंकार कर दिया
रविवार सुबह ऋण लेने के लिए रसीद कटवाने वालों को यह जानकारी मिली कि कंपनी गायब होने वाली है। यह जानकारी होते ही ऋण मंजूर कराने वाले लोग कंपनी के कार्यालय पर जा पहुंचे। उन्होंने पैसे वापस मांगे तो कंपनी संचालक ने पैसे देने से इंकार कर दिया। इसके बाद सभी महिला पुरुष एकत्रित होकर थाना शिकोहाबाद पहुंच गए।
मुकदमा दर्ज कर की जाएगी कार्रवाई
उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी दो हजार लोगों से लाखों रुपया लेकर फरार होने वाली है। पीड़ितों ने संयुक्त रूप से शिकायती पत्र पुलिस को दिया। एसओ हरवेंद्र मिश्रा ने कहा कि ऋण स्वीकृत के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि ठगी का मामला निकला तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
कुछ फाइलों पर चल रहा है काम
कंपनी संचालक एम चौधरी ने बताया कि कंपनी द्वारा ऋण स्वीकृत किया जा रहा है। जिन-जिन लोगों ने ऋण के लिए आवेदन किया है, उन सभी से 21-21 सौ रुपया फाइल चार्ज के रूप में लिए गए हैं। कंपनी के पास छह लाख रुपये जमा हुआ है। कुछ फाइलों पर काम चल रहा है।