फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण के बीच भले ही रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है, लेकिन लोग यात्रा पर जाने से बच रहे है। जिसके चलते शिकोहाबाद डिपो से प्रतिदिन 60 बसों के संचालन के लक्ष्य को रोडवेज विभाग के अधिकारी पूरा नहीं कर पा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जो सवारियां निकल रही हैं। उनकी संख्या काफी कम है। लंबे रूट की सवारियां जहां यात्रा करने से बच रहीं हैं। वहीं लोकल यात्रियों की संख्या में अधिक इजाफा नहीं है। जिसके चलते शिकोहाबाद डिपो से 20 से 25 बसों का ही संचालन हो पा रहा है। जबकि प्रतिदिन 60 बसों का संचालन किए जाना है।
जिन बसों का संचालन भी किया जा रहा है। उनमें भी पर्याप्त सवारियां नहीं है। अधिकतर बसें खाली ही रूट पर संचालित हो रही है। जिससे विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। क्योंकि रास्ते में भी बसों को सवारियां नहीं मिल पा रहीं। एआरएम राधवेंद्र कुमार ने बताया कि सबसे कम सवारियां इटावा कानपुर रूट पर निकल रही हैं। जिससे बसों के संचालन में अधिक दिक्कत आ रही है। जबकि दिल्ली रूट पर भी यात्रियों की संख्या संतोषजनक नहीं है। जिसको लेकर पूरी तरह से बसों का संचालन करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। महानगरों के साथ बड़े शहरों से सवारियां छोटे शहरों में आ रही है, लेकिन छोटे शहरों से बड़े शहरों में लोग जाने से दूरियां बनाए हुए हैं।