फतेहपुर। जिले में स्वाइन फ्लू का एक और मरीज मिला है। इससे अब तक मरीजों की संख्या सात पहुंच चुकी है। भिटौरा विकासखंड के एक गांव निवासी युवक कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर की सलाह से स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके बाद भी जिला अस्पताल में आने वाले मरीज और स्वास्थ्य कर्मी मास्क का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी निगरानी कर रही है।
सीएमएस डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने लोगों से बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है। जिले में स्वाइन फ्लू के छह पॉजिटिव मामले पहले सामने आ चुके थे।

फोटो-46-जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू का मरीज भर्ती होने के बाद भी ओपीडी में बिना मास्क के खड़े