फतेहपुर। बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी संघ ने बुनियादी समस्याओं को लेकर तीसरे दिन भी हाइडिल कालोनी में धरना-प्रदर्शन किया। प्रभारी एसडीएम आशीष यादव व ओरियंटल सिक्योर कंपनी के मैनेजर आशीष कुमार मौके पर पहुंचे और काम पर लौटने को कहा। इसका संविदा कर्मियों ने विरोध किया तो हाइडिल कालोनी में प्रदर्शन करने पर एफआईआर कराने की चेतावनी दी गई। संविदा कर्मियों ने अब घर में बैठ कर विरोध करने का निर्णय लिया है।
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार कश्यप ने कहा कि ओरियंटल सिक्योर कंपनी से बिजली के संविदा कर्मियों को समय पर मानदेय नहीं दिया जा रहा है। चार महीना से मानदेय नहीं मिला है। होली से पहले मानदेय दिलाए जाने के लिए धरना प्रदर्शन पर संविदा कर्मी बैठे हैं, लेकिन मौके पर पहुंचे प्रभारी एसडीएम आशीष यादव ने धरना समाप्त करने की चेतावनी दी। न मानने पर एफआईआर दर्ज करने को कहा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसी संविदा कर्मी पर एफआईआर न हो। इसके लिए हाइडिल कालोनी से धरना समाप्त कर अब घर में बैठकर संविदा कर्मी विरोध करेंगे। किसी भी लाइन का फाल्ट नहीं सही करेंगे और न ही उपकेंद्र में ड्यूटी करेंगे। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता आनंद प्रकाश शुक्ला, अधिशासी अभियंता प्रभाकर पांडेय, आरएन सिंह व मेघ सिंह, संविदा कर्मी जय प्रकाश शुक्ला, दिलीप अग्रिहोत्री, विनय तिवारी, धर्मेंद्र सिंह गौर, सचिन तिवारी, चंद्रप्रकाश सिंह लोधी मौजूद रहे।