फतेहपुर। शहर के पटेल नगर चौराहे पर अंडरग्राउंड आईजीएल गैस पाइप लाइन में सोमवार देर रात रिसाव हो गया। सूचना पर डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अनूप सिंह के निर्देश पर तत्काल ऑपरेशन क्लीन चलाया गया। आईजीएल के इंजीनियर, पुलिस बल व फायर टीम ने रिसाव को बंद करके क्षेत्र को सुरक्षित किया।
पटेल नगर चौराहे के पास आईजीएल की गैस पाइप लाइन बिछी है। पाइल लाइन से देर रात अचानक रिसाव होने लगा। आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आनन-फानन में बोर्ड के फोन नंबर पर काॅल किया गया। इसकी सूचना डीएम तक पहुंची। उन्होंने तत्काल आईजीएल के अधिकारियों, फायर व पुलिस बल को तत्काल राहत कार्य के लिए भेजा। टीम ने आसपास क्षेत्र की घेराबंदी करके राहत कार्य शुरू किया। सबसे पहले रिसाव बिंदु को सील कर दिया गया। उसके बाई पाइप लाइन की मरम्मत की गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद इंजीनियरों रिसाव बंद कर दिया। शहर के भीतर हाई रिस्क क्षेत्र होने पर डीएम ने आईजीएल के इंजीनियरों को ऐसे स्थानों पर सीसीटीवी लगाने और जीपीएस लोकेशन फीडिंग के निर्देश दिए। सीएफओ उमेश गौतम ने बताया कि पटेल नगर में मामूली गैस का रिसाव हुआ था। इंजीनियरों ने मरम्मत कर रिसाव बंद कर दिया है। आईजीएल के कानपुर हेड अमित धर ने बताया कि भारी वाहन की टक्कर से लीकेज हो गया था। उसे सुधारा जा चुका है।