बकेवर। रामगंगा नहर की माइनरों में टेल तक पानी न पहुंच रहा है। कई बार गुहार लगाने पर भी सुनवाई नहीं हुई। इस कारण किसानों ने चंदा कर खुद ही माइनरों की सिल्ट सफाई शुरू करा दी है। दरअसल धान की फसल को इस समय पानी की जरूरत है।
कांशमीरी, बिजुरी, करनपुर, खजुहा, जोगापुर माइनर में सिल्ट की सफाई न होने से टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। परेशान किसानों ने खजुहा माइनर में खुद ही सफाई का काम शुरू कर दिया है। बकेवर के किसान छोटू कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, भोंदल वर्मा, धर्मेंद्र द्विवेदी, दुल्लू तिवारी ने बताया कि किसानों ने चंदा कर खुद माइनर की सिल्ट सफाई शुरू कराई है। एसडीओ राजेंद्र बाबू ने बताया कि छह माह पूर्व माइनरों की सिल्ट सफाई कराई गई है। बारिश कम होने के कारण किसान खेतों में पानी बंद नहीं करते हैं। जगह-जगह पर कुलाबे खुला रखते हैं। इस कारण पानी टेल तक नहीं पहुंच रहा है। बारिश बाद फिर से सिल्ट सफाई कराई जाएगी।