चौडगरा। होटल के सामने खड़ी बस में बुधवार भोर करीब चार बजकर 23 मिनट में कर्नाटक के श्रद्धालुओं की कार तेज रफ्तार पीछे से टकरा गई। हादसे में श्रद्धालु महिला की मौत हो गई, चालक समेत सात गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने सभी को रेफर किया।
हादसा कल्यानपुर थाना क्षेत्र हाईवे पर रेवाड़ी के पास हुआ। कर्नाटक प्रांत के श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ से लौट थे। श्रद्धालु कर्नाटक प्रांत मारूति जिला महाड़ा थाने के आंबेडकर काॅलोनी निवासी हैं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चालक को झपकी आने से हादसा होना माना जा रहा है। श्रद्धालुओं की गाड़ी तेज रफ्तार सीधे खड़ी बस में टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस आगे चल पड़ी। इस दौरान बस लेकर चालक भाग निकला। हादसा देखकर आसपास के दुकानदार पहुंचे। करीब 10 मिनट में पुलिस पहुंच गई। वाहन में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और गोपालगंज पीएचसी भेजा। हादसे में घायल कलप्पा की पत्नी धरक सानी (55) को जिला अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घायल शीला कल्याणी (61),मंजू पाटिल (39), प्रथना (13), स्वेता चौदप्पा (28), महादेवी सानी (70), महादेवी अलप्पा (69) व चालक रमेश एम भजंतरी (31) को जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से बस का पता लगाया जाएगा। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।