साहब मुश्किल से रिश्ता आया है: UP पुलिस के सिपाही ने मांगी छुट्टी, शादी के लिए लड़की देखनी है; पढ़ें पूरा पत्र
सिपाही के छुट्टी मांगने का अनोखा तरीका देख सीओ सीएल स्वीकृत कर दी। इंस्पेक्टर विनोद शुक्ला ने बताया कि समय-समय पर जरूरतमंद दरोगा व सिपाहियों को छुट्टी दी जाती है।
विस्तार
कानपुर के फर्रुखाबाद में सिपाही ने सीओ सिटी से कहा साहब मुझे शादी के लिए लड़की देखनी है, छुट्टी दे दो। बड़ी मुश्किल से एक रिश्ता आया है। शादी के लिए आयु भी अंतिम सीढ़ियों पर है।
कादरीगेट थाने में तैनात सिपाही राघव चतुर्वेदी ने सीओ सिटी को प्रार्थनापत्र दिया कि उसके पिता भी पुलिस विभाग में तैनात हैं। पुलिस कर्मियों के बच्चों के शादी के रिश्ते न के बराबर आते हैं। नौकरी लगे तीन वर्ष हो गए हैं।
सिपाही के छुट्टी मांगने का अनोखा तरीका देख सीओ सीएल स्वीकृत कर दी। इंस्पेक्टर विनोद शुक्ला ने बताया कि समय-समय पर जरूरतमंद दरोगा व सिपाहियों को छुट्टी दी जाती है। छुट्टी देने में कोई समस्या नहीं है।

आगरा के शाहगंज का रहने वाला है राघव
आगरा के शाहगंज के रहने वाले राघव चतुर्वेदी वर्तमान समय में पांचालघाट चौकी पर तैनात हैं। शादी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर से अवकाश स्वीकृत कराने के दौरान चर्चा में आ गए। राघव की तीन वर्ष पहले की नौकरी लगी है। राघव ने बताया कि अपनी परेशानी को ईमानदारी से अधिकारियों के सामने रखने से कोई समस्या नहीं होती है।
दो सितंबर को आवेदन कर मांगा था अवकाश
राघव ने शादी के लिए लड़की देखने का प्रार्थना पत्र थाना कादरीगेट के एसओ इंस्पेक्टर विनोद शुक्ला को दो सितंबर को दिया था। उसी दिन इंस्पेक्टर ने अवकाश स्वीकृत करने की संस्तुति कर सीओ सिटी को भेज दिया था। राघव ने पांच सितंबर से पांच दिन का अवकाश स्वीकृत करने की प्रार्थना की थी। सीओ सिटी ने सात सितंबर को पांच दिन का अवकाश स्वीकृत कर 10 सितंबर से सिपाही की रवानगी के आदेश दिए थे। राघव ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ लड़की देखने गए थे। पसंद-नापसंद का निर्णय बाद में होगा।