Farrukhabad: बिजली चोरी और बिल रिवीजन में गड़बड़ी का मामला, विभाग के एसडीओ और जेई निलंबित
कायमगंज डिवीजन में बिल संशोधन में 80 लाख की हेराफेरी का मामला सामने आया है।एसडीओ ने करीब 15 हजार बिलों की जांच की। इनमें 600 संशोधित बिलों में फिर उपभोक्ताओं के खाते में करीब 80 लाख रुपये जोड़ दिए गए।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज डिवीजन में बिल संशोधन में 80 लाख की हेराफेरी व बिजली चोरी में कार्रवाई न करने के मामले में एसडीओ व अवर अभियंता (जेई) को निलंबित कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता पर भी कार्रवाई की तलवार लटकी है।
एसडीओ की आईडी से बिल संशोधन में निजी लाभ के लिए करीब 80 लाख रुपये का विभागीय राजस्व को चूना लगा दिया। मामले से पर्दा उठा और शासन तक शिकायत पहुंची। एसडीओ ने करीब 15 हजार बिलों की जांच की। इनमें 600 संशोधित बिलों में फिर उपभोक्ताओं के खाते में करीब 80 लाख रुपये जोड़ दिए गए।
एसडीओ ने इस मामले में कंप्यूटर आपरेटर व मीटर रीडर सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी थी। एमडी के आदेश पर मुख्य अभियंता असलम हुसैन ने कायमगंज डिवीजन में जाकर जांच की और रिपोर्ट एमडी को भेजी।
इसके अलावा क्षेत्र के गांव दत्तू नगला में बेल्डिंग की दुकान पर बिजली चोरी पकड़ने के बाद कोई कार्रवाई न कर खेल कर लिया गया। चेकिंग के दौरान का वीडियो वायरल हो गया। इसमें एसडीओ भी टीम के साथ चेकिंग में शामिल थे।
बताया जा रहा है कि डिवीजन के सभी अधिकारियों की मिलीभगत से बिजली चोरी व बिल संशोधन का खेल चलता रहा। जब मामला फंसा तो सब खुद को बचाने और दूसरों को फंसाने में जुट गए। अभी अधिशासी अभियंता के खिलाफ भी कार्रवाई की तलवार लटकी है।
इस खेल में विभाग के लिपिक भी निशाने पर हैं। अधीक्षण अभियंता एसके श्रीवास्तव ने बताया कि एमडी कार्यालय आगरा से एसडीओ विकास नाथ तिवारी व अवर अभियंता राघवराम पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। अधिशासी अभियंता कायमगंज खान चंद्र के पास निलंबन आदेश प्राप्त हो गया है।