फर्रुखाबाद। शहर के नेकपुर चौरासी स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में गुरुवार को दूसरे दिन मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी व सीडीओ नेे मतदान कर्मियों से बारीकियां पूछीं। दोनों पालियों में 67 मतदान कर्मी प्रशिक्षण लेने नहीं पहुंचे।
पंचायत चुनाव का जनपद में चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण चल रहा है। नेकपुर चौरासी स्थित सेंट एंथोनी स्कूल में गुरुवार दूसरे दिन 16 कक्षों में 1400 मतदान कर्मियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से 32 ट्रेनर लगाए गए। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने निरीक्षण कर मतदान कर्मियों से प्रशिक्षण संबंधी प्रश्न पूछकर जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने भी प्रशिक्षण के दौरान निरीक्षण किया। प्रथम पाली में 30 व दूसरी पाली में 37 मतदान कर्मी प्रशिक्षण लेने नहीं पहुंचे। 1333 मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी दुर्गादत्त शुक्ला, जिला कृषि अधिकारी डॉ.राकेश कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी शिवशंकर सिंह आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।