{"_id":"3c73c815d3ae136a35fcbed900212695","slug":"panchayat-chunav-hindi-news-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"कायमगंज ब्लाक अंतर्गत में पोलिंग पार्टियों की रवानगी आज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कायमगंज ब्लाक अंतर्गत में पोलिंग पार्टियों की रवानगी आज
ब्यूरो/अमर उजाला, फर्रुखाबाद
Updated Thu, 15 Oct 2015 11:29 PM IST
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। कायमगंज विकास खंड में तीसरे चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टी शुक्रवार को रवाना होंगी। आदर्श इंटर कॉलेज पितौरा से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। पहले दो चरणों में बवाल को देखते पुलिस और प्रशासन ने बूथों की संवेदनशीलता रिवाइज कर ली है। इसके साथ ही अतिरिक्त जोनल मजिस्ट्रेटों को भी तैनात कर दिया गया है। मतदान के दिन जिले की सीमाएं सील कर दी जाएंगी।
विज्ञापन
कायमगंज में 117 मतदान केंद्रों के 273 बूथों पर 17 अक्टूबर को मतदान है। चुनाव में 1 लाख 64 हजार 624 वोटर मतदान करेंगे। चुनाव केे लिए विकास खंड को 22 सेक्टर और तीन जोनों में बांटा गया है। पहले व दूसरे चरण में हिंसा, फायरिंग और मतपत्र लूटने की घटनाओं को लेकर इस बार प्रशासन खासी सख्ती बरतने के मूड में है। मतदान के दिन एक कंपनी पीएसी अतिरिक्त बुलाई गई है। जिला पंचायत की पांच सीटों पर 80 उम्मीदवार मैदान में हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य की 107 सीटों के लिए 503 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
विज्ञापन
कायमगंज विकास खंड में पहले 32 बूथ संवेदनशील, 20 बूथ अतिसंवेदनशील व 10 बूथ अतिसंवेदनशील प्लस तय किए गए थे। दो चरणों की हिंसा के बाद संवेदनशीलता को रिवाइज कर दिया गया है। अब 74 बूथ अतिसंवेदनशील प्लस, 38 बूथ अति संवेदनशील और 70 बूथ संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। अति संवेदनशील प्लस बूथों पर एक दरोगा, तीन सिपाही, दो होमगार्ड और दो पीआरडी जवान रहेंगे।
विज्ञापन
इसके साथ ही जोन एक में एसीएम अजीत कुमार को अतिरिक्त जोनल मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त जोनल पुलिस सीओ कायमगंज प्रकाश कुमार, जोन दो में एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह को अतिरिक्त जोनल मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त जोनल सीओ फर्रुखाबाद योगेश कुमार को तैनात किया गया है।
जोन तीन में सिटी मजिस्ट्रेट शिवबहादुर पटेल को जोनल मजिस्ट्रेट व अतिरिक्त जोनल पुलिस सीओ मोहम्मदाबाद लेखराज को जिम्मेदारी दी गई है। चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। इनके अलावा तहसीलदार विनोद जोशी, तहसीलदार राजेंद्र चौधरी व शेख आलमगीर को अतिरिक्त सहायक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। यह हर 15 मिनट में बूथ पर भ्रमण करेंगे। इसके साथ ही बदायूं, एटा व कासगंज जिले की सीमाएं सील रहेंगी।