सराफा की दुकान के सात ताले तोड़ उठा ले गए तिजोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कमालगंज। कसबा रजीपुर में स्थित सराफा दुकान के सात ताले तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवरात पार कर दिए। रात में ही जानकारी मिलने पर दुकानदार ने घटनास्थल से थाने में फोन किया। थाने में कॉल रिसीव नहीं हुई। दुकानदार थाने पहुंचे तो उन्होंने सो रहे मुंशी को उठाकर घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर लौट गई। दुकानदार और ग्रामीणों को छानबीन के दौरान पास में ही स्थित खेत में टूटी तिजोरी मिली। सूचना पर पुलिस ने दुकानदार से कह दिया कि वह तिजोरी घर ले जाएं। सोमवार सुबह दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कमालगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर निवासी मनोज कुमार की रजीपुर कसबे में सर्राफ की दुकान है। मनोज कुमार के मुताबिक रविवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब एक बजे दुकान मालिक राकेश शुक्ल ने सूचना दी कि उनके दुकान के ताले टूट हैं। मनोज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे तो चैनल और शटर में लगे सात ताले टूटे थे। शटर भी उचका था। दुकान के अंदर से तिजोरी और जेवरात गायब थे। मनोज कुमार ने घटनास्थल से ही कमालगंज थाने में फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा।
मनोज कुमार ने बताया कि जब वह थाने गए तो मुंशी सो रहा था। उन्होंने मुंशी को उठाया और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर एसओ सालिगराम वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और जांच कर लौट आए। सोमवार सुबह मनोज कुमार ग्रामीणों के साथ आसपास क्षेत्र में तिजोरी की खोजबीन करते रहे। खोजबीन के दौरान टूटी तिजोरी गांव खजुरिया नगला निवासी राजू के खेत में पड़ी मिली।
मनोज ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने कहा कि तिजोरी वह घर ले जाएं। मनोज कुमार ने बताया कि चोर तिजोरी में रखी करीब चार-पांच किलो चांदी और करीब 30 ग्राम के सोने के जेवर चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सोमवार को मनोज कुमार की तहरीर पर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।