फर्रुखाबाद। भाजपा किसान मोर्चा की ओर से गुरुवार को शहर में ट्रैक्टर रैली निकाली गई। इसके बाद हुई सभा में भाजपा सांसद ने कहा कि आंदोलन कर रहे किसान नहीं बहुरूपिया हैं। जनहित को देखते हुए प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों को वापस लिया है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बीके गंगवार के नेतृत्व में गुरुगांव देवी मंदिर से ट्रैक्टर रैली निकाली गई। गुरुगांव देवी मंदिर से शुरू हुई रैैली नेहरू रोड, चौक, घुमना, लालगेट, आवास विकास होते हुए भाजपा कार्यालय पहुंची। रैली में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी भी खुद ट्रैक्टर चलाकर पहुंचे। इस बीच जमकर नारेबाजी हुई। भाजपा कार्यालय के सामने स्थित मैदान में सभा हुई। इसमें सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि डीएपी दूसरे देशों से आयात की जाती है। इसकी कीमत बढ़ी तो सरकार ने 600 रुपये सब्सिडी से बढ़ाकर 1200 रुपये कर दी। जिससे किसानों पर फसल में लागत का बोझ न बढ़े।
भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष बाल मुकुंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा फिर सरकार बनाएगी। विधायक सुशील शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, रोहिताश वर्मा, डीएस राठौर आदि मौजूद रहे। संचालन जीत पांडेय ने किया।