फर्रुखाबाद। मांगों को लेकर आंदोलनरत लेखपालों की गैरमियादी हड़ताल 14वें दिन भी जारी रही। लेखपालों ने साथियों से कहा कि हम लोगों को फौज की तरह अनुशासन बनाए रखना है। मांगें पूरी होने तक किसी भी दबाव में टूटने वाले नहीं हैं।
लेखपाल संघ के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे जिले भर के लेखपालों से जिलाध्यक्ष सैदमीर खां ने कहा कि हम पीछे हटने वालों में नहीं हैं। जायज मांगों को भी सरकार नहीं मान रही है। जब तक मांगें पूरी नहीं हो जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। हम अपनी मांगों की खातिर हर उत्पीड़न सहने को तैयार हैं। पूर्व सैनिक लेखपाल धीरेंद्र सिंह ने कहा कि हमें सेना की तरह अनुशासन हर हाल में बनाए रखना है। लेखपाल त्रिलोकी नाथ ने साथियों में ऊर्जा का नया संचार किया। सदर तहसील के मंत्री अवनीश कुमार शाक्य ने कविता के माध्यम से प्रदेश सरकार को लेखपालों से न टकराने की नसीहत दी। प्रमोद शुक्ला, अशोक त्रिपाठी, संजीव दुबे, सत्येंद्र सिंह, शिवकुमार शाक्य, उदय प्रताप सिंह, नरेश कुमार, संजय प्रताप सिंह मौजूद थे।