इटावा। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सपा ने करियाडाडा का बूथ पुरातिलक सिंह गांव में बनाने पर आपित्त दर्ज कराई। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि करियाडाडा में मतदाता संख्या ज्यादा है, इसलिए बूथ यहीं रखा जाना चाहिए। डीएम ने आयोग को अवगत कराने की बात कही है।
डीएम जय प्रकाश ने बताया कि जनपद की जसवंतनगर, इटावा सदर, भरथना (अजा) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 1444 मतदेय स्थल हैं। संभाजन के पश्चात तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों की संख्या 1346 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 1500 मतदाता प्रति मतदेय स्थल के आधार पर समायोजित किया जाएगा। एडीएम जय प्रकाश ने कहा कि जनहित में आधार नंबर एकत्र किए जाने के कार्यक्रम एवं विशेष कैंप के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इससे अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी हो सके। बैठक में भाजपा जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी, बीएसपी जिलाध्यक्ष सुरजन सिंह जाटव, समस्त उप जिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उदय नरायण सिंह उपस्थित रहे।