डेढ़ करोड़ के प्लॉट पर थी शिक्षिका की नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास हाईवे किनारे बीटीसी शिक्षिका आशा यादव की हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्यारोपी जिला पंचायत सदस्य के पति को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया आशा यादव उस पर डेढ़ करोड़ कीमत के प्लॉट का बैनामा अपने नाम करने के दबाव बना रही थी। आए दिन उसकी धमकियों से परेशान होकर जिला पंचायत सदस्य के पति ने अपने साथी के साथ मिलकर उसे मार डाला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया।
पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि आईटीआई चौराहा निवासी जिला पंचायत सदस्य नीलम यादव के पति प्रदीप यादव के आशा यादव से करीब तीन साल से अवैध संबंध थे। मृतका आशा यादव उस पर आए दिन दबाव डाल रही थी कि वह डेढ़ करोड़ का प्लॉट उसके नाम कर दे। प्रदीप आनाकानी करता रहा। इस पर आशा यादव ने उसे धमकी दी कि यदि उसने प्लॉट का बैनामा उसके नाम नहीं किया तो वह अवैध सम्बंधों के बारे में सबको बता देगी। इस कारण से प्रदीप ने उसे ठिकाने लगाने की भूमिका तैयार की और इसमें उसने अपने साथी रवि निवासी सराय ऐसर को शामिल कर लिया।
उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रदीप ने उसे पौने बारह बजे रेलवे लाइन के पास बुलाया था। इस पर आशा यादव वहां पर पहुंच गई। दोनों ने बात करते समय ही उसके ऊपर गोलियां चला दी जिससे आशा की मौत हो गई। आशा को उसने चार गालियां मारी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों भाग निकले। एसएसपी ने बताया कि मृतका के मोबाइल के आधार पर व अन्य सूत्रों से पुलिस ने जानकारी की। बाद में पुलिस ने प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। साथ ही उसने अपने साथी का नाम बताया। प्रदीप की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रिवॉल्वर बरामद कर ली है। पुलिस रवि की तलाश कर रही है। प्रदीप को गिरफ्तार करने में प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन संजय त्यागी एसआई विजय कुमार ने अहम भूमिका अदा की। प्रेस वार्ता में एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव के अलावा सीओ सिटी भी मौजूद रहे।