लवेदी। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए रविवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत दाऊदपुर- सब्दलपुर में सरकार के आदेशानुसान 21 दिसंबर को चौपाल लगाई जानी थी। ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जाना था लेकिन दाऊदपुर-सब्दलपुर के ग्राम प्रधान दीपक कुमार ने कहा कि उन्हें चौपाल की सूचना नहीं मिली। वहीं, टकरूपुर ग्राम प्रधान विकास कठेरिया ने बताया कि उनकी पंचायत में भी चौपाल की कोई जानकारी नहीं थी। ब्लॉक खंड महेवा की ग्राम पंचायत नवादा खुर्द कला, जैतपुरा, सब्दलपुर में हुई ग्राम चौपाल में पंचायत स्तरीय अफसर नहीं पहुंचे। नवादा पंचायत में पंचायत सहायक और रोजगार सेवक ने चौपाल की अध्यक्षता की। चौपाल में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास और राजस्व विभाग के लेखपाल भी नजर नहीं आए। चौपाल में न तो पंचायत सचिव दिखे और न ही ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्य। इसी प्रकार से जैतपुरा ग्राम पंचायत में चौपाल की अध्यक्षता सचिव अशोक कुमार और प्रधान रोहिताश सिंह ने की। सचिव ने बताया कि चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की शिकायतों का तत्काल समाधान करना था। इस सरकारी योजना में सिंचाई, बिजली, पानी, राजस्व, पुलिस, आपूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य थी लेकिन वह नहीं पहुंचे।